रविवार, 11 अक्टूबर 2026 देहरादून, उत्तराखंड
मेरा पहाड़ मेरी पहचान
ब्रेकिंग न्यूज़
20 हजार फीट पर देश का पहला हेली रेस्क्यू, गंगोत्री में 67 पर्वतारोही सुरक्षितअक्तूबर में केदारनाथ आ सकते हैं पीएम मोदी, पुनर्निर्माण कार्यों का लेंगे जायजाकुंभ 2027 की तैयारी: एआई और सर्विलांस से निगरानी, 32 सेक्टर व 10 स्नान पर्वहाईकोर्ट ने UKPSC का फैसला पलटा: असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती पर अहम आदेश; उत्तरकाशी में सड़क बंद होने पर बीमार महिला को 5 किमी डंडी-कंडी पर ढोयाचमोली में बदरीनाथ हाईवे पागलनाला में बंद, 50 वाहन फंसे; गंगा चेतावनी निशान पर, पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
उधम सिंह नगर

बारिश से तबाही: चारधाम यात्रा रोकी, देहरादून-मसूरी हाईवे धंसा, दो की मौत; रुद्रपुर में सड़क पर दौड़ा मगरमच्छ

उत्तराखंड में भूस्खलन और भारी बारिश के कारण चारधाम यात्रा रोकी गई, देहरादून-मसूरी हाईवे धंसा और 142 सड़कें बंद हुईं। एक दिन में दो लोगों की मौत दर्ज हुई।

उत्तराखंड में बारिश के बाद आफतों का दौर जारी है। एक ओर जहां बारिश ने चारधाम यात्रा रोक दी, वहीं देहरादून-मसूरी हाईवे का बड़ा हिस्सा धंस गया। प्रदेश में एक दिन में दो लोगों की मौत भी दर्ज हुई।

चारधाम यात्रा फिलहाल रोकी गई

भूस्खलन और भारी बारिश के चलते चारधाम यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है। यात्रा मार्गों पर लगातार मलबा गिरने और सड़कें बाधित होने के कारण श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया। प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे मौसम साफ होने तक यात्रा न करें।

देहरादून-मसूरी हाईवे धंसा, आवाजाही रोकी

लगातार बारिश से देहरादून-मसूरी हाईवे का बड़ा हिस्सा कोल्हूखेत पानी वाले बैंड के समीप धंस गया और मार्ग पर मोटी दरारें पड़ गईं। खतरे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। पर्यटकों और स्थानीय लोगों को वैकल्पिक रूट किमाड़ी मार्ग से देहरादून भेजा जा रहा है।

142 सड़कें बंद हुईं, 72 अब भी अवरुद्ध

सोमवार को राज्य में बारिश और भूस्खलन की वजह से 142 सड़कें बंद हो गईं। लोक निर्माण विभाग ने देर सायं तक 70 सड़कों को खोल दिया, लेकिन 72 सड़कें अब भी बंद चल रही हैं। सड़कों के बाधित होने से पर्वतीय क्षेत्रों में जनजीवन प्रभावित रहा।

बागेश्वर में मासूम बहा, धारचूला में बिजली गिरने से मौत

बागेश्वर में उफनाई सरयू में जल लेने गया आठ साल का मासूम बह गया। लाहुर निवासी कमला देवी शिव मंदिर में जल चढ़ाने पहुंची थीं, उनके साथ आया मासूम राकेश नदी से जल भरते समय पैर फिसलने से बह गया। वहीं धारचूला के गांव जुम्मा में आकाशीय बिजली गिरने से एक ग्रामीण की मौत हो गई।

रुद्रपुर में सड़क पर दौड़ा मगरमच्छ

इसी बीच ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर में करतारपुर रोड बॉर्डर चौकी के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नहर के ऊपर बनी सड़क पर एक मगरमच्छ तेजी से दौड़ता हुआ दिखाई दिया। अचानक सड़क पर मगरमच्छ देखकर राहगीरों और वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कई लोगों ने वाहन रोक लिए, जबकि कुछ ने सुरक्षित दूरी बनाकर वीडियो बना लिया।

वन विभाग तलाश में जुटा, कोई सुराग नहीं

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में मगरमच्छ की तलाश शुरू की। कर्मचारियों ने नहर, झाड़ियों और संभावित स्थानों पर काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन मगरमच्छ का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना में किसी जनहानि या हादसे की सूचना नहीं है।

वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

वन विभाग ने बरसात के मौसम में नदियों, नहरों और तालाबों के आसपास सतर्क रहने की अपील की है। विभाग के मुताबिक बारिश के दिनों में वन्यजीव रिहायशी इलाकों की ओर आ जाते हैं, इसलिए लोगों को ऐसे क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। लोगों से अपील है कि मगरमच्छ या अन्य वन्यजीव दिखने पर वे उसे छेड़ें नहीं, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचित करें। इससे पहले भी नहर क्षेत्रों में मगरमच्छ और घड़ियाल देखे जाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।