सीमांत जिले पिथौरागढ़ ने भू-विरासत के क्षेत्र में देश के नक्शे पर अपनी अलग पहचान दर्ज कराई है। गंगोलीहाट में मौजूद प्राचीन देवबन स्ट्रोमैटोलाइट अवशेष को भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल का दर्जा दिया है। उत्तराखंड में ऐसा सम्मान पाने वाला यह पहला भू-स्थल है।
नौ अक्तूबर को लिया गया फैसला
भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने नौ अक्तूबर को हुई एक महत्वपूर्ण बैठक में इस भू-स्थल को राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल घोषित किया। पूरे प्रदेश में भू-विरासत स्थल का दर्जा प्राप्त करने वाला यह पहला स्थल है। इस उपलब्धि से पिथौरागढ़ में देश का पहला यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क विकसित करने की संभावनाओं को भी नई मजबूती मिली है।
हाट कालिका मंदिर क्षेत्र में मिले जीवाश्म
गंगोलीहाट में विश्व प्रसिद्ध हाट कालिका मंदिर के आसपास स्ट्रोमैटोलाइट जीवाश्म यानी शैवाल मिले हैं, जिनकी मौजूदगी हजारों साल पहले सूक्ष्मजीवों के होने का संकेत देती है। वैज्ञानिकों के मुताबिक इस जगह का महत्व अब और बढ़ गया है। पर्यवेक्षकों ने गंगोलीहाट नगर के पास हाट कालिका मंदिर क्षेत्र में इन जीवाश्मों की खोज की थी।
दिल्ली विश्वविद्यालय की टीम कर रही काम
राम लाल आनंद कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षक पिथौरागढ़ और आसपास के जिलों में यूनेस्को जियोपार्क परियोजना पर काम कर रहे हैं। पर्यावरण मंत्रालय और राष्ट्रीय हिमालयी अध्ययन मिशन की निगरानी में संचालित इस परियोजना के तहत गंगोलीहाट के देवबन संरचना के स्ट्रोमैटोलाइट अवशेष की पहचान की गई।
तीन दिन का किया गया सर्वेक्षण
भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की उपमहानिदेशक डॉ. स्निग्धा घटक ने अपनी टीम के साथ 18 से 20 नवंबर तक गंगोलीहाट, बेरीनाग और पिथौरागढ़ के विभिन्न भू-स्थलों का सर्वेक्षण किया। इस संयुक्त सर्वेक्षण में क्षेत्र के भू-स्थलों के अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक महत्व की पुष्टि की गई। इससे इस स्थल को जियो पार्क के रूप में विकसित करने की संभावनाएं और बढ़ गई हैं।
डीएम से की मुलाकात
डॉ. स्निग्धा घटक, जियोपार्क परियोजना के मुख्य पर्यवेक्षक प्रो. राकेश कुमार और राष्ट्रीय हिमालयी अध्ययन मिशन के नोडल अधिकारी महेंद्र लोढ़ी ने जिलाधिकारी आशीष भटगांई से मुलाकात की। इस दौरान देवबन स्ट्रोमैटोलाइट के भूवैज्ञानिक महत्व और उसके संरक्षण की जरूरत पर विस्तार से चर्चा हुई।
पार्किंग निर्माण से खतरे की आशंका
बैठक में एक अहम चिंता भी सामने आई। राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल का दर्जा मिलने के बावजूद गंगोलीहाट स्थल में पार्किंग निर्माण के लिए हो रहे भू-खनन से आदिकाल के स्ट्रोमैटोलाइट अवशेष को नुकसान पहुंचने की आशंका है। प्रो. राकेश कुमार ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पार्किंग स्थल की दिशा बदलने की मांग की।
सूचना केंद्र बनाने का सुझाव
प्रो. राकेश कुमार ने वर्तमान में खनन किए गए स्थान पर जियोपार्क सूचना केंद्र बनाने का सुझाव भी दिया। इससे अवशेष को संरक्षित करने के साथ पर्यटकों और शोधार्थियों को इस विरासत की वैज्ञानिक जानकारी भी मिल सकेगी। डीएम ने गंगोलीहाट भू-स्थल के संरक्षण का आश्वासन दिया है।
जियो टूरिज्म के रूप में विकास
जिलाधिकारी ने इस स्थल को जियो टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी पहल की। उन्होंने परियोजना के पर्यवेक्षकों और डॉ. घटक से इस स्थल के विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने को कहा है, ताकि इसे पर्यटन और शोध के केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।