विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरने के लिए अपना चुनावी रोडमैप तैयार कर लिया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने रविवार को देहरादून स्थित कांग्रेस भवन में प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ अहम बैठक की।
पांच दिन के दौरे की रिपोर्ट
बैठक में मुख्य फोकस आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, संगठन की मजबूती और जमीनी स्तर से मिल रहे फीडबैक को चुनावी तैयारी में शामिल करना रहा। कुमारी सैलजा 17 से 21 नवंबर तक कुमाऊं और गढ़वाल के अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय रहीं। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों से संवाद किया और क्षेत्रीय समस्याओं तथा जनता के बीच राजनीतिक माहौल को समझने की कोशिश की।
दिग्गज नेता रहे मौजूद
बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा मौजूद रहे। चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह भी शामिल हुए। केंद्रीय संगठन की ओर से सीडब्ल्यूसी सदस्य गुरदीप सप्पल, पश्चिम बंगाल के प्रभारी प्रकाश जोशी तथा दोनों सह-प्रभारी मनोज यादव और सुरेंद्र शर्मा ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
जोन में बंटेंगे विधानसभा क्षेत्र
पार्टी की रणनीति के अनुसार विधानसभा क्षेत्रों को जोन में बांटकर वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारी तय की जाएगी। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया। बैठक में नेताओं के बीच एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने, कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपने और जनता के बीच पहुंच बढ़ाने पर चर्चा हुई।
इन मुद्दों पर घेरेगी सरकार
कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों और मजदूरों की समस्याओं, पलायन, बदहाल स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था तथा प्रदेश की परिसंपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरेगी। इसके लिए प्रदेशभर में जनसंवाद, जनजागरण और हस्ताक्षर अभियान चलाए जाएंगे।
हरिद्वार में होगा बड़ा सम्मेलन
दो दिसंबर को हरिद्वार में प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में संगठन के तीनों स्तरों के पदाधिकारी एक मंच पर आएंगे और चुनावी तैयारियों पर चर्चा करेंगे। सम्मेलन को कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
सैलजा का बदलाव का दावा
कुमारी सैलजा ने कहा कि पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता संगठन के निर्देशों के अनुसार मेहनत करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य में बदलाव की भावना युवाओं और महिलाओं के बीच भी देखने को मिल रही है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को आपसी समन्वय और एकजुटता से संचालित करने के निर्देश दिए।
केंद्र और प्रदेश में समन्वय
केंद्रीय संगठन के पदाधिकारियों की मौजूदगी को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश नेतृत्व और केंद्रीय संगठन के बीच समन्वय मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। बैठक के बाद यह संदेश देने की कोशिश की गई कि पार्टी के सभी वरिष्ठ नेता एकजुट हैं और संगठनात्मक तैयारियां पूरी गति से चल रही हैं।
आगामी कार्यक्रम पर नजर
पार्टी सूत्रों के अनुसार आने वाले दिनों में जिला और ब्लॉक स्तर पर बैठकों का दौर चलेगा। इन बैठकों में बूथ कमेटियों का गठन और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया शुरू होगी। चुनावी वर्ष में प्रवेश से पहले संगठन को मजबूत करना पार्टी की प्राथमिकता बताई जा रही है।