अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में स्कूल परिसर के पास से बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से कुल 161 जिलेटिन की रॉड बरामद की गईं। बरामद सामग्री का वजन करीब 20 किलो बताया जा रहा है, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
प्रधानाचार्य ने दी थी सूचना
जानकारी के मुताबिक सल्ट क्षेत्र स्थित राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य को परिसर के पास झाड़ियों में कुछ संदिग्ध पैकेट दिखाई दिए। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा की दृष्टि से पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई।
दो जगहों से बरामद हुईं छड़ें
पुलिस के मुताबिक पहले स्कूल के पास वाले स्थान से जिलेटिन की छड़ों के कुछ पैकेट बरामद हुए और फिर उससे करीब 15 से 20 फुट की दूरी पर कुछ और पैकेट मिले। दोनों स्थानों से मिले पैकेटों में रखी जिलेटिन की कुल 161 बेलनाकार छड़ें बरामद की गईं। मौके पर बम डिस्पोजल स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमों को बुलाया गया, जिन्होंने सभी पैकेट को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर सील कर दिया।
शनिवार को चला संयुक्त तलाशी अभियान
शनिवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बम डिस्पोजल टीम, डॉग स्क्वाड, थाना पुलिस, एलआईयू और आईआरबी की संयुक्त टीमों ने जंगल, झाड़ियों, स्कूल परिसर और आसपास की पगडंडियों में सघन तलाशी अभियान चलाया। टीमें यह पता लगाने में जुटी हैं कि कोई अतिरिक्त सामग्री या छूटा हुआ सुराग मौके पर बचा है या नहीं। तलाशी के दौरान पुलिस ने मिट्टी और अन्य सबूत भी एकत्र किए हैं।
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
इस मामले में थाना सल्ट में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह जांच कर रही है कि जिलेटिन की रॉड वहां किसके द्वारा और किस उद्देश्य से लाई गई थीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सामान्य तौर पर जिलेटिन रॉड का इस्तेमाल सड़क निर्माण और पत्थर तोड़ने जैसे कार्यों में किया जाता है, लेकिन स्कूल क्षेत्र के पास इनका मिलना संदेह पैदा कर रहा है।
क्यों छिपाया गया विस्फोटक
पुलिस यह जानने की कोशिश में है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक स्कूल के पास की झाड़ियों में क्यों और किस उद्देश्य से छिपाया गया था। बरामद सामग्री के सुरक्षित निस्तारण के लिए भिकियासैण कोर्ट से अनुमति ले ली गई है। पुलिस मामले की हर पहलू पर जांच कर रही है और स्थानीय लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
सतर्कता बढ़ाने के निर्देश
हाल ही में दिल्ली और जम्मू क्षेत्र में हुए धमाकों के बाद यह मामला प्रशासन के लिए अधिक संवेदनशील बन गया है। खुफिया इकाइयों को अलर्ट कर दिया गया है और हर गतिविधि पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
अफवाह न फैलाने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि फिलहाल किसी भी प्रकार की आशंका या अफवाह फैलाने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया सहित अन्य माध्यमों पर भ्रामक जानकारी पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या वस्तु की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें।