उत्तराखंड में राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार उनका मानदेय 35 हजार रुपये से बढ़ाकर 57,700 रुपये प्रतिमाह करने जा रही है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों को यूजीसी के मानकों के अनुरूप प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
समीक्षा बैठक में मिले निर्देश
उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शनिवार को विधानसभा भवन स्थित सभाकक्ष में विभागीय समीक्षा बैठक में यह निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रदेश के राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में विभिन्न संकायों में करीब 400 गेस्ट फैकल्टी कार्यरत हैं। मंत्री के अनुसार बढ़े मानदेय का लाभ 407 अतिथि शिक्षकों को मिलेगा।
फिलहाल 35 हजार रुपए मिल रहे
वर्तमान में इन शिक्षकों को लगभग 35 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है। लंबे समय से यूजीसी के निर्धारित मानकों के अनुसार 57,700 रुपये मानदेय देने की मांग की जा रही थी। मंत्री ने कहा कि सरकार इस मांग पर गंभीरता से विचार कर रही है और प्रस्ताव को मंजूरी के लिए कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा।
कैबिनेट मंजूरी के बाद बढ़ेगा मानदेय
कैबिनेट की स्वीकृति मिलने के बाद मानदेय बढ़ाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। विभागीय अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार कर शासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है। उच्च शिक्षा विभाग का यह कदम राज्य के उच्च शिक्षण संस्थानों में अध्यापन कर रहे अस्थायी शिक्षकों की लंबे समय की मांग को पूरा करने की दिशा में माना जा रहा है।
एक लाख छात्रों को मुफ्त टैबलेट
बैठक में उच्च शिक्षा मंत्री ने राजकीय महाविद्यालयों और विश्वविद्यालय परिसरों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को मुफ्त टैबलेट उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर भी तेजी से काम करने के निर्देश दिए। राज्य सरकार ने उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों को टैबलेट देने का निर्णय लिया है और विभाग को जल्द शासन को प्रस्ताव भेजने को कहा गया है। इस योजना से एक लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
डिजिटल पढ़ाई को मिलेगा बल
अधिकारियों के अनुसार टैबलेट मिलने से विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यम से पढ़ाई करने और शैक्षणिक सामग्री तक आसानी से पहुंच बनाने में मदद मिलेगी। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के छात्रों को भी ऑनलाइन संसाधनों का लाभ मिल सकेगा। विभाग इस योजना के क्रियान्वयन के लिए शासन से स्वीकृति का इंतजार कर रहा है।
छात्रावासों के इस्तेमाल पर भी जोर
समीक्षा बैठक में मंत्री ने राजकीय महाविद्यालयों में संचालित छात्रावासों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छात्र-छात्राओं को छात्रावासों में आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि छात्रावासों में पर्याप्त संख्या में विद्यार्थी नहीं आते हैं, तो खाली स्थानों पर शिक्षकों और कर्मचारियों को रहने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है, ताकि छात्रावासों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित हो सके।
बजट खर्च और निर्माण कार्यों के निर्देश
उच्च शिक्षा मंत्री ने विभागीय व्यय बजट की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शेष बजट का समय पर उपयोग करने के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न निर्माण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने को कहा गया। उन्होंने विभाग की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं के शिलान्यास तथा पूरी हो चुकी योजनाओं के लोकार्पण की सूची तैयार करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी मौजूद रहे
बैठक में सचिव उच्च शिक्षा बीवीआरसी पुरुषोत्तम, अपर सचिव मनुज गोयल, निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. एएस उनियाल, संयुक्त निदेशक डॉ. संगीता गुप्ता, उप सचिव हरीश सागर, दीपक कुमार और विधि अधिकारी डॉ. बीसी चौबे सहित विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।