सोमवार, 23 नवम्बर 2026 देहरादून, उत्तराखंड
मेरा पहाड़ मेरी पहचान
ब्रेकिंग न्यूज़
उत्तराखंड में इगास बग्वाल की धूम, सीएम आवास पर धामी ने खेला भैलो, तीन संस्कृतियों का समागमUKSSSC की 1694 पदों पर भर्ती, 25 नवंबर से आवेदन शुरू, आरक्षी और फॉरेस्ट गार्ड के पद शामिलटिहरी में जौनपुर ब्लॉक प्रमुख भाजपा में शामिल, जिले के सभी नौ ब्लॉक प्रमुख अब सत्ता दल के साथनीम करौली बाबा सर्किट से जुड़ेगा कैंची धाम, यूपी-उत्तराखंड के बीच होगा एमओयूकुमाऊं पुलिस में बड़ा फेरबदल, आईजी निवेदिता कुकरेती ने 29 निरीक्षकों के किए तबादले
बागेश्वर

बागेश्वर के कुवारी में शंभू नदी पर बना 40 मीटर ऊंचा बांध, 37 लाख घन मीटर पानी जमा, बाढ़ का खतरा

बागेश्वर के कपकोट में शंभू नदी पर भूस्खलन के मलबे से 40 मीटर ऊंचा बांध बन गया। 37 लाख घन मीटर पानी जमा, निचले इलाकों पर बाढ़ का खतरा।

बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील में शंभू नदी पर लगातार सक्रिय भूस्खलन ने एक बड़ी झील बना दी है। कुवारी गांव के पास बने इस बांधनुमा ढेर की ऊंचाई करीब 40 मीटर है और इसमें लगभग 37 लाख घन मीटर पानी जमा हो चुका है। इससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है।

उपग्रह अध्ययन में सामने आई स्थिति

यह स्थिति नेशनल रिमोट सेंसिंग सेंटर (एनआरएससी) के उपग्रह अध्ययन में सामने आई है। यह अध्ययन पांच सितंबर 2026 को डिस्कवर जियोसाइंस जर्नल में प्रकाशित हुआ। अध्ययन में वर्ष 2013 से 2025 तक के उपग्रह चित्रों, सेंटिनल-1 रडार और मैदानी भूवैज्ञानिक सर्वे को आधार बनाया गया।

2013 में हुआ था पहला बड़ा भूस्खलन

अध्ययन के मुताबिक कुवारी गांव करीब 2350 मीटर की ऊंचाई पर शंभू नदी के दाहिने किनारे स्थित है। यहां पहला बड़ा भूस्खलन जून 2013 में केदारनाथ आपदा के दौरान हुआ था। मार्च 2013 में भूस्खलन 500 से 600 मीटर लंबा था, जो जून 2013 के बाद बढ़कर 965 मीटर हो गया। इसके बाद जून 2014, नवंबर 2016, अप्रैल 2017 तथा अप्रैल-जून 2022 में फिर भूस्खलन की सक्रियता दर्ज की गई।

झील का आकार लगातार बढ़ा

वर्ष 2018 में फिर भूस्खलन शुरू हुआ, जो बाद में मुख्य हिस्से से मिल गया। 2023 और 2024 में भी अचानक भूस्खलन हुआ और अक्टूबर 2024 तक चार सक्रिय भूस्खलन अस्तित्व में आ गए। वर्तमान भूस्खलन क्षेत्र करीब 0.95 वर्ग किलोमीटर है। झील वर्ष 2017 में 500 मीटर, 2022 में 885 मीटर और 2024 की घटना के बाद 1130 मीटर लंबी हो गई।

मलबे का बना अवरोध

नदी रोकने वाला मलबे का अवरोध करीब 60 मीटर चौड़ा, 58 मीटर लंबा और 40 मीटर ऊंचा है। इसका क्षेत्र करीब 10 हजार वर्ग मीटर है और पानी के बहाव से यह आंशिक रूप से कट चुका है। अध्ययन में इस अवरोध को अस्थिर बताया गया है, यानी यह किसी भी समय और कमजोर पड़ सकता है।

टूटने पर क्या होगा असर

विज्ञानियों के अनुसार यदि झील टूटती है तो इससे निकलने वाली बाढ़ की रफ्तार 15 मीटर प्रति सेकेंड हो सकती है। ऐसी दशा में इसका मुख्य प्रभाव क्षेत्र छह किलोमीटर तक आंका गया है। कुछ जगह जलस्तर 10 मीटर तक बढ़ सकता है, जो निचले क्षेत्र में मेलखेत, देओसारी और देवाल तक को प्रभावित कर सकता है।

विज्ञानियों की सलाह

अध्ययन से जुड़े विज्ञानियों ने झील की निरंतर निगरानी, पूर्व चेतावनी प्रणाली और ढलान स्थिरीकरण की जरूरत बताई है। उनके मुताबिक भूस्खलन का क्षेत्र अभी भी सक्रिय है, इसलिए ऊपर से और मलबा गिरने पर झील का दायरा बढ़ सकता है। ऐसे में लगातार निगरानी जरूरी है।

श्मशान भूमि भी डूब चुकी है

स्थानीय लोगों के मुताबिक झील का जलस्तर बढ़ने से कुवारी गांव की श्मशान भूमि भी डूब गई है। इससे ग्रामीणों को अंतिम संस्कार में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सूचना मिलने पर प्रशासन और सिंचाई विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण में पाया गया कि झील से पानी अभी बहकर निकल रहा है, लेकिन भूस्खलन की सक्रियता के चलते खतरा टला नहीं है।

अध्ययन में शामिल विज्ञानी

यह अध्ययन एनआरएससी के विज्ञानी अंकिता घोके, अंकिता गौर, प्रियम राय, पुनीत जालान, तपस रंजन मार्था और ईश्वर चंद्र दास ने किया है। अध्ययन में रडार चित्रों के साथ मौके पर किए गए भूवैज्ञानिक सर्वे को भी आधार बनाया गया, ताकि भूस्खलन की सक्रियता और झील के बढ़ते आकार का सटीक आकलन हो सके।

निगरानी पर जोर

विज्ञानियों का कहना है कि ऐसी झीलों का समय रहते पता लगना जरूरी है। इसके लिए उपग्रह निगरानी और जमीनी सर्वे को साथ लेकर चलना होगा। साथ ही निचले इलाकों के लोगों को पूर्व चेतावनी देने की व्यवस्था मजबूत करनी होगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में समय रहते सुरक्षित स्थानों तक पहुंचा जा सके।