उत्तराखंड सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 7,844.18 करोड़ रुपये का अनुपूरक बजट विधानसभा में पेश किया। गैरसैंण स्थित विधानसभा भवन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यह बजट प्रस्तुत किया। इसके साथ प्रदेश के सालाना बजट का आकार बढ़कर 1,19,547.39 करोड़ रुपये हो गया है। सरकार ने साल की शुरुआत में 1,11,703.21 करोड़ रुपये का बजट पेश किया था।
राजस्व और पूंजीगत मद का बंटवारा
अनुपूरक बजट में राजस्व मद के लिए 3,679.86 करोड़ रुपये और पूंजीगत मद के लिए 4,164.32 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। अधिकारियों के मुताबिक इसमें कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, ऊर्जा, सड़क, खेल और सामाजिक कल्याण सहित कई क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त धनराशि रखी गई है।
किसानों को बड़ी राहत
धान और गेहूं की खरीद के लिए 1,100 करोड़ रुपये का प्रावधान अनुपूरक बजट का सबसे बड़ा हिस्सा है। जलवायु अनुकूल बारानी कृषि परियोजना के लिए 70 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम योजना के लिए 35 करोड़ रुपये और दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के लिए 20 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। गो-सदन निर्माण के लिए नौ करोड़ और नई मौन पालन नीति के लिए एक करोड़ रुपये रखे गए हैं।
दिव्य कुंभ और गंगा कॉरिडोर
आगामी दिव्य कुंभ की तैयारियों के लिए विभिन्न मदों में करीब 290 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। हरिद्वार-गंगा कॉरिडोर परियोजना के कार्यों के लिए 30 करोड़ रुपये अलग से रखे गए हैं। गैरसैंण जलापूर्ति बांध परियोजना के लिए 122 करोड़ रुपये और पेयजल विभाग की केएफडब्ल्यू पोषित परियोजना के लिए करीब 110 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। जल जीवन मिशन के तहत ठेकेदारों के बकाया भुगतान के लिए 300 करोड़ रुपये रखे गए हैं।
स्वास्थ्य और शिक्षा पर जोर
अटल आयुष्मान योजना के तहत पात्र लोगों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस सुविधा के लिए 100 करोड़ रुपये और राज्य कर्मचारियों की गोल्डन कार्ड योजना के लिए 125 करोड़ रुपये का प्रावधान है। पिथौरागढ़ और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेजों के साथ नर्सिंग कॉलेजों के लिए पूंजीगत मद में करीब 160 करोड़ रुपये रखे गए हैं। विद्यालयी और उच्च शिक्षा में डिजिटल लर्निंग के लिए 200 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं।
खेल और युवाओं के लिए प्रावधान
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना के तहत नीट, जेईई और क्लैट जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पांच करोड़ रुपये दिए गए हैं। खेल विश्वविद्यालय के लिए करीब 35 करोड़ रुपये और चंपावत में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना के लिए 10 करोड़ रुपये का प्रावधान है। अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतने पर पुरस्कार के लिए 15 करोड़ रुपये और विशेष प्रशिक्षण शिविरों के लिए आठ करोड़ रुपये रखे गए हैं।
सामाजिक सुरक्षा और बुनियादी ढांचा
विभिन्न कल्याणकारी पेंशन के लिए करीब 93 करोड़ रुपये और निराश्रित विधवा पेंशन के लिए करीब 27 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। सक्षम आंगनबाड़ी एवं पोषण 2.0 योजना के लिए करीब 60 करोड़ रुपये रखे गए हैं। जोशीमठ सहित अन्य क्षेत्रों में भू-धंसाव से जुड़े कार्यों के लिए 48 करोड़ रुपये, नए राज्य डेटा सेंटर के लिए 40 करोड़ रुपये और पुलिस भवनों के निर्माण के लिए 55 करोड़ रुपये का प्रावधान है।