उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन का फोकस अब सिर्फ हादसे के बाद राहत और बचाव तक सीमित नहीं है। सरकार ने आपदा आने से पहले खतरे की पहचान, समय रहते अलर्ट जारी करने और स्थानीय स्तर पर लोगों को बचाव के लिए तैयार करने की रणनीति पर काम शुरू किया है। इसी क्रम में प्रदेश में 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर स्थापित किए गए हैं।
सेंसरों का पूरा नेटवर्क
प्रदेश में मौसम, बारिश और नदियों के जलस्तर की निगरानी के लिए कुल 525 हाइड्रो-मौसमी सेंसर लगाए गए हैं। इनमें 432 मौसम सेंसर, 87 हाइड्रोलॉजिकल सेंसर, तीन डॉप्लर वेदर रडार और तीन लाइटनिंग सेंसर शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक इस नेटवर्क से आपदा के दौरान सूचना मिलने और राहत-बचाव दलों की प्रतिक्रिया के बीच लगने वाला समय कम करने में मदद मिलेगी।
बिना इंटरनेट चलेगी चेतावनी
अलर्ट जारी करने के लिए मोबाइल नेटवर्क के जरिए कॉमन अलर्ट प्रोटोकॉल विकसित किया गया है। इसके अलावा ईआरएसएस-112, पुलिस और वन विभाग के वायरलेस नेटवर्क, ई-मेल और सोशल मीडिया का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। नई सेल ब्रॉडकास्ट प्रणाली का सफल परीक्षण किया गया है। इसकी खासियत यह है कि बिना इंटरनेट और किसी विशेष ऐप के भी सीधे मोबाइल फोन पर आपदा संबंधी चेतावनी भेजी जा सकती है। भूदेव और सचेत ऐप भी इस व्यवस्था का हिस्सा हैं।
ग्लेशियर झीलों पर सेंसर
पहाड़ी राज्य में ग्लेशियर झीलों का बढ़ता खतरा भी आपदा प्रबंधन की बड़ी चुनौती है। इसके लिए चमोली के वसुधारा ताल में प्रदेश की पहली सेंसर आधारित ग्लेशियल लेक अर्ली वार्निंग सिस्टम स्थापित की गई है। इसके जरिए झील में होने वाले बदलावों की लगातार निगरानी की जा सकेगी। इसके साथ ही जीआईएस आधारित जोखिम मानचित्रण, बाढ़ और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों का आकलन तथा संवेदनशील इलाकों की निगरानी की जा रही है।
भूस्खलन पर अलग निगरानी
भूस्खलन की घटनाओं को देखते हुए उत्तराखंड लैंडस्लाइड मिटिगेशन एंड मैनेजमेंट सेंटर को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के रूप में स्थापित किया गया था। इसके जरिए राज्य के संवेदनशील ढलानों की पहचान और उनके सुधार की योजना पर काम हो रहा है। अधिकारियों के मुताबिक सेंसर से मिलने वाले आंकड़ों का इस्तेमाल आपदा की आशंका वाले इलाकों को पहले से चिह्नित करने में किया जाएगा।
लोगों को किया जा रहा तैयार
आपदा के दौरान शुरुआती कुछ घंटे बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। ऐसे में सरकार ने स्थानीय लोगों को भी राहत और बचाव के लिए तैयार करने पर जोर दिया है। पिछले पांच साल में प्रदेश में 2,339 प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए और इनके जरिए 2,69,038 लोगों को प्रशिक्षित किया गया। अकेले चालू वित्त वर्ष में 972 कार्यक्रमों के माध्यम से 1,19,497 लोगों को ट्रेनिंग दी गई है।
प्रशिक्षण में स्कूली बच्चों, एनसीसी, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और माई भारत स्वयंसेवकों को शामिल किया गया है। युवा आपदा मित्र और आपदा सखी योजनाओं के जरिए भी स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित लोगों का नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। इससे गांव स्तर तक आपदा की सूचना पहुंचाने में मदद मिल रही है।
देश का पहला अलग विभाग
उत्तराखंड देश का पहला राज्य है, जिसने आपदा प्रबंधन के लिए अलग विभाग गठित किया। बाद में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण बनाया गया और फिर एसडीआरएफ का गठन हुआ। पिछले साल इंसिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम को राज्य, जिला और तहसील स्तर तक विस्तारित किया गया। यूएसडीआरएफ परियोजना के तहत 36 पुलों का निर्माण, आठ सड़कों पर सुरक्षा कार्य और आपदा आश्रयों का निर्माण शामिल है।
एसडीआरएफ को आधुनिक खोज एवं बचाव उपकरण और संचार संसाधन उपलब्ध कराने के साथ 18 फायर स्टेशन और प्रशिक्षण केंद्रों के निर्माण का भी प्रावधान है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर 28 नवंबर को प्रदेश में आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान स्कूलों, सरकारी कार्यालयों, विकासखंडों और तहसीलों में जागरूकता कार्यक्रम और मॉक ड्रिल होंगी, जिससे आम लोगों को आपदा के समय सुरक्षित रहने का अभ्यास हो सके।