उत्तराखंड में अचानक मौसम ने करवट बदल ली है। सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में उच्च हिमालयी चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ, जबकि निचले इलाकों में मूसलाधार बारिश से पूरी घाटी में कड़ाके की ठंड बढ़ गई है। शुक्रवार को हरिद्वार में जोरदार ओलावृष्टि हुई, जिससे वाहनों के शीशे, घरों की खिड़कियों और सोलर पैनलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग ने नौ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
पिथौरागढ़ की चोटियों पर हुआ ताजा हिमपात
पिथौरागढ़ में उच्च हिमालयी चोटियों सहित मध्य हिमालय के छिपलाकोट तक ताजा हिमपात हुआ है। ठंड अचानक बढ़ने से लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं और ऊंचाई वाले ग्रामीण इलाकों में सर्द हवाओं से ठिठुरन बढ़ गई है। चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछने से नजारा मनमोहक हो गया है।
थल-पिथौरागढ़ और कैलास मानसरोवर मार्ग बंद
थल-पिथौरागढ़ मार्ग पेड़ गिरने से बंद हो गया है, जबकि कैलास मानसरोवर मार्ग गस्कू और मलघाट के पास बोल्डर आने से अवरुद्ध है। इससे चीन सीमा का संपर्क भी कट गया है। वहीं थल में 40 मिमी और धारचूला में 24.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जिससे नदी-नाले उफान पर आ गए हैं।
देवलथल में सबसे अधिक दर्ज हुई बारिश
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई। देवलथल में सर्वाधिक 90 मिमी, पिथौरागढ़ में 70 मिमी और बेरीनाग में 55 मिमी पानी बरसा। कनालीछीना में 29.5 मिमी और बंगापानी में 28 मिमी बारिश दर्ज की गई। गंगोलीहाट में सात मिमी और मुनस्यारी में 1.4 मिमी बारिश हुई। इससे खेतों और बागानों को भी फायदा मिला है।
हरिद्वार में गिरे बड़े ओले, हुआ नुकसान
हरिद्वार में दोपहर के समय अचानक कई इलाकों में जोरदार ओलावृष्टि हुई। आसमान से गिरते बड़े ओलों के बीच लोगों को सुरक्षित स्थानों की आड़ लेनी पड़ी। ओलावृष्टि के दौरान वाहनों के शीशे और सोलर पैनल क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। अचानक हुई इस घटना से लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
नौ जिलों में जारी है येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले दिन के लिए देहरादून, टिहरी, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली चमकने, गरज के साथ बौछारें पड़ने तथा 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
पांच दिन में करीब पांच डिग्री गिरा तापमान
प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में अधिकतम तापमान पांच दिन में करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक नीचे गिरा है, जबकि न्यूनतम पारा भी सामान्य से कम बना हुआ है। पहाड़ी इलाकों में तापमान गिरने से ठिठुरन महसूस होने लगी है और मैदानी क्षेत्रों में भी सुबह तथा रात के समय ठंड का असर बढ़ गया है।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रह सकते हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। ऐसे में तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
एहतियात बरतने की सलाह
प्रशासन ने लोगों से मौसम के बदलाव को देखते हुए एहतियात बरतने की अपील की है। यात्रियों को ऊंचाई वाले मार्गों पर जाने से पहले मौसम की जानकारी लेने और गर्म कपड़े साथ रखने की सलाह दी गई है। साथ ही बिजली चमकने के दौरान खुले स्थानों पर न रहने की हिदायत दी गई है।