मंगलवार, 17 नवम्बर 2026 देहरादून, उत्तराखंड
मेरा पहाड़ मेरी पहचान
ब्रेकिंग न्यूज़
पौड़ी में 28 साल की महिला के नौ प्रसव, आठ बच्चों का घर पर जन्म, डीएम ने जांच के दिए निर्देशचौबट्टाखाल में 38 से अधिक कांग्रेस नेता भाजपा में शामिल, महेंद्र भट्ट ने पहनाया पटकाहरिद्वार के अधिवक्ता की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, सभी रेलवे स्टेशनों पर सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देशचमोली के गोपेश्वर में नीरज भट्ट उगा रहे केसर, एरोपोनिक्स तकनीक से बनी स्वरोजगार की मिसालउत्तराखंड में इबोला को लेकर अलर्ट, सभी जिलों को निगरानी बढ़ाने के निर्देश, एम्स ऋषिकेश आइसोलेशन अस्पताल घोषित
देहरादून

देहरादून में बेरोजगार युवाओं का सचिवालय कूच, भर्ती विज्ञप्ति जारी करने की मांग

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले युवाओं ने परेड ग्राउंड से सचिवालय तक मार्च निकाला। पुलिस ने सुभाष रोड पर बैरिकेडिंग की, बाद में सचिव कार्मिक ने लिखित आश्वासन दिया।

देहरादून में शुक्रवार को बेरोजगार युवाओं ने सचिवालय कूच किया। उत्तराखंड बेरोजगार संघ के बैनर तले प्रदेशभर से पहुंचे सैकड़ों युवाओं ने परेड ग्राउंड से मार्च निकाला। युवाओं की मांग थी कि विभिन्न विभागों में रिक्त पदों पर भर्ती विज्ञप्तियां जारी की जाएं और लंबित भर्ती प्रक्रियाओं को पूरा किया जाए।

सुभाष रोड पर रोका

मार्च जब सुभाष रोड पहुंचा तो पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को रोक दिया। इस दौरान आगे बढ़ने को लेकर युवाओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। युवाओं ने सरकार के खिलाफ और भर्तियां निकालने के पक्ष में नारेबाजी की।

17 सूत्रीय मांगें

उत्तराखंड बेरोजगार संघ के अध्यक्ष राम कंडवाल ने बताया कि युवाओं ने 17 सूत्रीय मांगें रखी हैं। संघ की प्रमुख मांगों में सिंचाई विभाग में प्रतिरूप सहायक के पदों पर भर्ती विज्ञप्ति जारी करना और लोक निर्माण विभाग में अमीन के पदों पर नया भर्ती विज्ञापन निकालना शामिल है। इसके अलावा शहरी विकास विभाग में अधिशासी अधिकारी, पर्यावरण पर्यवेक्षक और कर संग्रहकर्ता के रिक्त पदों को भरने की मांग उठाई गई।

आईटीआई और पुस्तकालयों के पद

मांगों में उच्च शिक्षा विभाग में प्रयोगशाला सहायकों के रिक्त पदों पर विज्ञप्ति जारी करना, विभिन्न विभागों में रिक्त पुस्तकालयाध्यक्ष पदों को भरना और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में अनुदेशकों के रिक्त 859 पदों पर भर्ती शामिल है। युवाओं ने सभी विभागों में रिक्त पदों का आकलन कर भर्ती कैलेंडर जारी करने और चयन प्रक्रियाओं में अनावश्यक देरी रोकने की मांग भी की।

वर्दीधारी पदों पर जल्द भर्ती

संघ अध्यक्ष ने कहा कि पुलिस कांस्टेबल, फॉरेस्ट गार्ड, बंदी रक्षक, सचिवालय रक्षक, आबकारी और सिपाही समेत सभी वर्दीधारी पदों पर सरकार को तत्काल विज्ञप्ति जारी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वन दरोगा भर्ती विज्ञप्ति, सहायक अध्यापक और प्रवक्ता की नई विज्ञप्ति तथा प्राथमिक शिक्षक भर्ती की विज्ञप्ति भी जल्द जारी होनी चाहिए।

चयनित होकर भी बेरोजगार

प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने चयनित होकर बेरोजगार, जल्द नियुक्ति दो सरकार के नारे लगाए। संघ का कहना है कि कई युवा परीक्षा पास कर चुके हैं, लेकिन नियुक्ति पत्र नहीं मिल रहा। इससे युवाओं में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ रही है और वे बार-बार सड़क पर उतरने को मजबूर हो रहे हैं।

देरी पर सवाल

युवाओं ने आरोप लगाया कि बीते तीन साल में डाकिया के ज्यादातर पदों पर अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। संघ ने कहा कि पिछले हफ्ते डाकिया का परिणाम आया, लेकिन उसमें बाहरी राज्य के निवासियों का चयन हुआ। उन्होंने यूकेपीएससी और यूकेएसएसएससी में लंबित परीक्षा परिणाम तत्काल जारी करने की भी मांग की।

लिखित आश्वासन

पुलिस की बैरिकेडिंग के बाद संघ का प्रतिनिधिमंडल सचिव कार्मिक और सतर्कता उत्तराखंड शासन से मिला। सचिव कार्मिक और सतर्कता तथा अपर सचिव कार्मिक नवनीत पांडे ने युवाओं को लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद युवाओं ने फिलहाल अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

आंदोलन की चेतावनी

संघ ने कहा कि यह पहला प्रदर्शन नहीं है और पहले भी मांगों को लेकर रैली निकाली गई थी, लेकिन समाधान नहीं हुआ। राम कंडवाल ने चेतावनी दी कि जब तक युवाओं की मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।