भीमताल। नैनीताल जिले के भीमताल क्षेत्र में निर्माण कार्य के दौरान पहाड़ी से मलबा गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में एक मजदूर घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए भवाली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है और कंस्ट्रक्शन साइट की जांच शुरू कर दी है।
धुलई में बन रही थी पत्थर की दीवार
पुलिस के मुताबिक भीमताल रोड पर मेहरागांव से ऊपर धुलई में एक कंस्ट्रक्शन साइट पर ठेकेदार की ओर से मजदूरों से पत्थर की दीवार का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान निर्माणाधीन दीवार के पास से पहाड़ी का बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। हादसा दोपहर करीब तीन बजे हुआ।
तीन मजदूरों पर गिरा मलबा
मलबे की चपेट में तीन मजदूर आ गए। इनमें 38 वर्षीय गौरी देवी पत्नी महेंद्र कुमार, मूल निवासी लालकुआं और हाल निवासी निसौला भीमताल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 18 वर्षीय हरीश थापा पुत्र दीपक थापा, निवासी नेपाल की भी जान चली गई। घायल नेत्र सिंह, निवासी नेपाल को साथी मजदूरों ने मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत खतरे से बाहर है।
तीन घंटे बाद दी गई सूचना
प्रत्यक्षदर्शी मजदूरों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। अन्य मजदूरों ने दबे साथियों को मलबे से निकाला। लेकिन ठेकेदार ने घटना की सूचना पुलिस को करीब तीन घंटे बाद दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भीमताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ठेकेदार हिरासत में, मुकदमे की तैयारी
अपर पुलिस अधीक्षक अपराध डॉक्टर जगदीश चंद्रा ने घटनास्थल का मुआयना किया। उन्होंने बताया कि मौके पर जांच में ठेकेदार की गंभीर लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। मृतकों के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बिल्डर पर पहाड़ी काटने के आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि धुलई में बिल्डर की ओर से बड़े पैमाने पर पहाड़ी काटकर निर्माण कार्य कराया जा रहा था। हादसे के बाद ग्रामीणों और मजदूरों के परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने इस कंस्ट्रक्शन साइट की विस्तृत जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पोस्टमार्टम शुक्रवार को
अस्पताल में मृतकों का पंचनामा भर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक दोनों शवों का पोस्टमार्टम शुक्रवार को कराया जाएगा। इसके बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस टीम मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है और निर्माण कार्य में लगे अन्य ठेकेदारों और मजदूरों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने साइट के आसपास बैरिकेडिंग कर दी है और निर्माण कार्य फिलहाल रोक दिया गया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटना न दोहराए।