शुक्रवार, 20 नवम्बर 2026 देहरादून, उत्तराखंड
मेरा पहाड़ मेरी पहचान
ब्रेकिंग न्यूज़
उत्तराखंड में इगास बग्वाल की धूम, सीएम आवास पर धामी ने खेला भैलो, तीन संस्कृतियों का समागमUKSSSC की 1694 पदों पर भर्ती, 25 नवंबर से आवेदन शुरू, आरक्षी और फॉरेस्ट गार्ड के पद शामिलटिहरी में जौनपुर ब्लॉक प्रमुख भाजपा में शामिल, जिले के सभी नौ ब्लॉक प्रमुख अब सत्ता दल के साथनीम करौली बाबा सर्किट से जुड़ेगा कैंची धाम, यूपी-उत्तराखंड के बीच होगा एमओयूकुमाऊं पुलिस में बड़ा फेरबदल, आईजी निवेदिता कुकरेती ने 29 निरीक्षकों के किए तबादले
देहरादून

उत्तराखंड पुलिस का 26 साल बाद बदला लोगो और ध्येय वाक्य, अब ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’

उत्तराखंड पुलिस का नया ध्येय वाक्य 'कर्म सत्यं शौर्यम्' तय हुआ है। 26 साल बाद लोगो भी बदला गया, छह नवंबर को अमित शाह लोगो का अनावरण करेंगे।

‘मित्रता सेवा सुरक्षा’ अब उत्तराखंड पुलिस का पुराना ध्येय वाक्य हो गया है। पुलिस बल ने अपना नया ध्येय वाक्य संस्कृत के तीन शब्दों ‘कर्म सत्यं शौर्यम्’ को बनाया है। इसके साथ ही 26 साल बाद पुलिस का लोगो भी बदल दिया गया है। नए लोगो और ध्येय वाक्य का औपचारिक अनावरण छह नवंबर को देहरादून में होगा।

छह नवंबर को आएंगे अमित शाह

लोगो और ध्येय वाक्य का अनावरण करने तथा उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह छह नवंबर को देहरादून आ रहे हैं। इस आयोजन को पुलिस बल के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि एक ही कार्यक्रम में नई पहचान और राष्ट्रपति पुलिस कलर, दोनों सामने आएंगे।

नए लोगो में क्या है खास

नए लोगो में शौर्य के प्रतीक लॉरेल रीथ यानी तेज पत्ते की माला के बीच हिमालय और नदी को दर्शाया गया है। लाल और नीले रंगों को शामिल करते हुए राष्ट्रपति पुलिस कलर तैयार किया गया है। पुलिस लाइंस देहरादून के स्टेडियम के बाहर नया लोगो पेंट से बनाया भी जा चुका है। अब यह लोगो वर्दी के साथ-साथ वाहनों, कार्यालयों और दस्तावेजों पर भी छपेगा।

लॉरेल रीथ का क्या है अर्थ

तेजपत्ता की पत्तियों की माला विजय, सम्मान, गौरव और सत्यनिष्ठा का प्रतीक मानी जाती है। प्राचीन ग्रीक और रोमन संस्कृति में यह माला ओलंपिक विजेताओं, योद्धाओं और विद्वानों को उनके असाधारण कार्यों के लिए पहनाई जाती थी। आईपीएस, उत्तर प्रदेश पुलिस, सीआरपीएफ, बीएसएफ और तेलंगाना पुलिस के लोगो में भी लॉरेल रीथ शामिल है।

उत्तर प्रदेश से अलग पहचान

उत्तर प्रदेश से अलग होने के बाद उत्तराखंड पुलिस को अलग पहचान दी गई थी। उत्तर प्रदेश में अराजपत्रित अधिकारियों के सितारों का रंग सुनहरा होता था, जिसे उत्तराखंड पुलिस के लिए सिल्वर कर दिया गया। बेल्ट का रंग भी सिल्वर किया गया। नया लोगो भी पहाड़ और नदियों को शामिल करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस से अलग डिजाइन किया गया है।

रंगों में भी किया गया बदलाव

पुलिस की वर्दी और प्रतीक चिह्नों में गाढ़े नीले रंग की जगह आसमानी रंग को जगह दी गई है। इससे बल की पहचान नए राज्य की भौगोलिक और सांस्कृतिक छवि से जोड़ने की कोशिश की गई है। अधिकारियों के अनुसार डिजाइन में पहाड़, नदी और हिमालय जैसे तत्वों को प्राथमिकता दी गई है।

कमेटी ने तैयार किया डिजाइन

नए लोगो और राष्ट्रपति पुलिस कलर को डिजाइन करने के लिए आईजी विम्मी सचदेवा के नेतृत्व में एक समिति गठित की गई थी। समिति ने लोगो के साथ बेल्ट, आर्म बैज और अन्य प्रतीक चिह्नों का डिजाइन भी अंतिम रूप दिया। गत अप्रैल में उत्तराखंड को राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान किए जाने की घोषणा हुई थी, जिसके बाद यह प्रक्रिया तेज हुई।

‘मित्र पुलिस’ की बनी थी पहचान

‘मित्रता सेवा सुरक्षा’ के साथ उत्तराखंड पुलिस ने अपनी नई पहचान बनाने की कोशिश की थी। कई मोर्चों पर पुलिस ने सेवा और सुरक्षा दोनों भूमिकाएं निभाईं, लेकिन सबसे ज्यादा पहचान उसे ‘मित्र पुलिस’ के रूप में मिली। मित्रवत व्यवहार का असर इतना रहा कि कई जगह इसका अलग अर्थ भी निकाला जाने लगा।

राष्ट्रपति पुलिस कलर क्या है

राष्ट्रपति पुलिस कलर उन पुलिस बलों को दिया जाता है, जिनका प्रदर्शन देशभर में उत्कृष्ट माना जाता है। इससे पहले उत्तर प्रदेश और दिल्ली पुलिस समेत कई राज्यों की पुलिस को यह सम्मान मिल चुका है। उत्तराखंड के लिए यह सम्मान बल के कामकाज की मान्यता के तौर पर देखा जा रहा है।