उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड में बसे पवाणी गांव में मंगलवार शाम लगी भीषण आग ने पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया। लकड़ी के बने मकान एक के बाद एक आग में धधकते चले गए और कुछ ही घंटों में गांव का बड़ा हिस्सा राख के ढेर में तब्दील हो गया।
आग सबसे पहले एक मकान से उठी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग सबसे पहले एक लकड़ी के मकान से उठी और तेज हवा के कारण देखते ही देखते आसपास के मकानों में फैल गई। पहाड़ी इलाके में मकान एक-दूसरे से सटे हुए हैं और ज्यादातर लकड़ी, पत्थर और स्लेट से बने हैं, जिससे आग पर काबू पाना बेहद मुश्किल हो गया। ग्रामीणों ने पानी और मिट्टी से बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही देर में पूरा मोहल्ला जल उठा।
56 परिवार और 150 से ज्यादा लोग बेघर
जिला प्रशासन के मुताबिक इस अग्निकांड में करीब 56 परिवारों के 150 से अधिक लोग बेघर हो गए हैं। गौशालाओं में बंधे 70 से अधिक मवेशी भी आग की चपेट में आकर जिंदा जल गए। ग्रामीणों के घरों के साथ छह माह का सुरक्षित रखा राशन, कपड़े, बर्तन और जमा पूंजी भी आग में नष्ट हो गई। कई परिवारों ने बुधवार की रात खुले आसमान के नीचे बिताई।
स्कूल भी जलकर राख, बच्चों की पढ़ाई पर सवाल
आग ने आवासीय भवनों के साथ गांव के प्राथमिक विद्यालय को भी चपेट में लिया। स्कूल की इमारत, कॉपी-किताबें और अन्य सामान जलकर राख हो गए। इस विद्यालय में दर्जन से अधिक बच्चे पढ़ाई कर रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल जलने से बच्चों की पढ़ाई रुक गई है और गांव में पढ़ाई के लिए कोई वैकल्पिक जगह नहीं बची है।
एक युवक झुलसा, मोरी में चल रहा इलाज
आग बुझाने के प्रयास में ओसला निवासी गंगा सिंह पुत्र सुलक राम गंभीर रूप से झुलस गया। उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। प्रशासन ने घायल युवक के परिवार को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है।
डीएम ने संभाला राहत कार्य, सामूहिक रसोई बनी
बुधवार सुबह जिलाधिकारी प्रशांत आर्य पवाणी गांव पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। उनके निर्देश पर प्रभावितों के लिए सामूहिक रसोई शुरू की गई है। पीड़ितों को कपड़े, कंबल और 24 टेंट उपलब्ध कराए गए हैं। प्रशासन ने फौरी मदद के तौर पर प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच-पांच हजार रुपये की धनराशि भी दी है।
सीएम धामी पहुंचे पवाणी, पांच लाख की घोषणा
गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मोरी तहसील के अग्निकांड प्रभावित पवाणी गांव पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं और जरूरतें सुनीं और नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की और भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है।
छह माह का राशन और स्कूल की व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नुकसान का वास्तविक आकलन कर प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि आग में छह माह का रखा राशन भी नष्ट हो गया है, इसलिए आगामी छह माह तक राशन की समुचित व्यवस्था की जाए। बच्चों की शिक्षा पर उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए।
सर्दी और बर्फबारी को देखते हुए इंतजाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की पहली प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को सुरक्षित आवास उपलब्ध कराना और उनका जीवन सामान्य करना है। सर्दी के मौसम और संभावित बर्फबारी को देखते हुए अधिकारियों को ऐसी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे किसी भी परिवार को प्रतिकूल मौसम में परेशानी न हो।