उत्तराखंड पुलिस ने दुपहिया वाहनों पर दोनों सवारों के लिए हेलमेट की अनिवार्यता को लेकर विशेष अभियान चलाने की तैयारी की है। बड़ी संख्या में दोपहिया वाहन चालकों की हादसों में मौत हेलमेट न होने के कारण हो रही है। इसे देखते हुए यातायात पुलिस अब पिलियन राइडर्स के लिए भी हेलमेट के नियम को सख्ती से लागू करेगी। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई होगी।
जागरूकता के साथ सख्ती
अभियान में जागरूकता के साथ सख्ती भी की जाएगी। पुलिस का जोर अब सिर्फ चालान काटने पर नहीं, बल्कि लोगों को इस नियम के प्रति जागरूक करने और फिर इसका सख्ती से पालन कराने पर है। खासकर युवा वर्ग इस नियम की ज्यादा अनदेखी करता है।
आंकड़े क्या कहते हैं
दो साल पहले दुपहिया वाहन हादसों में 91 चालकों की मौत हुई और 75 घायल हुए। इसी अवधि में पीछे बैठी 68 सवारियों ने जान गई, जबकि 148 लोग घायल हुए। अगले साल की स्थिति भी चिंताजनक रही, जब 45 चालकों की मौत हुई और 32 घायल हुए, जबकि पीछे बैठी 23 सवारियों की जान गई और 38 घायल हुए।
इस साल अब तक उपलब्ध जानकारी के अनुसार 10 चालकों की मौत और 28 के घायल होने की सूचना है। वहीं पीछे बैठी पांच सवारियों की जान गई और 29 लोग घायल हुए हैं। गौरतलब है कि उस साल घायल होने वालों में पीछे बैठे लोगों की संख्या चालकों से लगभग दोगुनी रही। ऐसे में केवल चालक का हेलमेट पहन लेना सुरक्षा के लिए काफी नहीं है।
एक हजार रुपये जुर्माना
नियमों के अनुसार वाहन चालक के साथ-साथ पीछे बैठने वाले के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है। नियम का उल्लंघन करने पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। जागरूकता अभियान में उन लोगों को विशेष रूप से समझाया जाएगा जो परिवार के सदस्यों या छोटे बच्चों को दुपहिया वाहन पर बैठाकर बिना हेलमेट सफर करते हैं।
पुलिस का मानना है कि कई लोग खुद तो सावधानी बरत लेते हैं, लेकिन अपने साथ बैठे परिजनों की सुरक्षा को नजरअंदाज कर देते हैं, जो जानलेवा साबित हो सकता है। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि दोपहिया पर निकलते समय चालक और पीछे बैठी सवारी दोनों हेलमेट जरूर पहनें। पुलिस के अनुसार हेलमेट को केवल चालान से बचने का साधन न समझें, यह दुर्घटना के दौरान जीवन बचाने वाला सबसे अहम सुरक्षा उपकरण है।
मुनिकीरेती में रैली
टिहरी पुलिस ने मुनिकीरेती में हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया। एसएसपी श्वेता चौबे ने दोपहिया वाहनों पर बिना हेलमेट पीछे बैठी सवारियों को मुफ्त हेलमेट बांटे। यातायात निदेशालय उत्तराखंड के आदेश पर हुए कार्यक्रम में श्वेता चौबे ने सड़क सुरक्षा रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और लोगों को हेलमेट पहनाकर जागरूक भी किया।
एसएसपी ने कहा कि दोपहिया वाहन पर चालक के साथ पीछे बैठी सवारी की सुरक्षा भी जरूरी है। हेलमेट चालान से बचने का नहीं, बल्कि सिर की सुरक्षा का साधन है। उन्होंने लोगों से परिवार और परिचितों को भी हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
स्ट्रैप और ISI मार्क पर जोर
पुलिस प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाली जगहों पर वाहन चालकों को हेलमेट की स्ट्रैप सही तरीके से बांधने और ISI मार्क वाला हेलमेट इस्तेमाल करने की जानकारी दे रही है। एसएसपी ने कहा कि सड़क हादसों में सिर पर गंभीर चोट जानलेवा हो सकती है, इसलिए दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाली सवारियों को हेलमेट पहनने की आदत अपनानी चाहिए।
अपील और अधिकारी मौजूद
टिहरी पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, तय गति सीमा में वाहन चलाने और बच्चों समेत परिवार के सभी सदस्यों को सड़क सुरक्षा के बारे में जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात तनुजा बिष्ट और मुनिकीरेती के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप चौहान समेत पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।