बागेश्वर जिले के गरुड़ तहसील स्थित नर्गवाड़ी गांव में रविवार देर रात बुजुर्ग दंपति की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या के आरोप में पुलिस ने मृतकों के भतीजे को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात में घर की बहू भी गंभीर रूप से घायल हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
पुराने विवाद में दी वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक आरोपी और परिवार के बीच करीब दस साल से घरेलू विवाद चल रहा था। आरोपी शराब पीकर अक्सर घर के सदस्यों से गाली-गलौज करता था, जिससे परिवार परेशान था। बताया गया है कि वारदात वाली रात भी वह नशे की हालत में था और इसी दौरान विवाद बढ़ गया।
पहले चाची, फिर चाचा पर हमला
स्थानीय लोगों के मुताबिक आरोपी ने पहले घर के ऊपरी कमरे में मौजूद अपनी चाची पर लोहे की रॉड से हमला किया। इसके बाद वह नीचे के कमरे में गया और चाचा पर भी रॉड से ताबड़तोड़ वार किए। दोनों गंभीर रूप से लहूलुहान होकर गिर पड़े। हमले की आवाज सुनकर घर में अफरा-तफरी मच गई।
बहू पर भी किए तीन-चार वार
चीख-पुकार सुनकर मृतक की बहू उन्हें बचाने के लिए दौड़ी, लेकिन आरोपी ने उस पर भी लोहे की रॉड से तीन-चार वार कर दिए। जान बचाने के लिए बहू अपनी बच्ची को साथ लेकर कमरे में चली गई और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इस तरह उसने अपनी और बच्ची की जान बचाई।
डायल 112 पर मिली थी सूचना
गांव में शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को ग्रामीणों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बैजनाथ ले गए। वहां डॉक्टरों ने दंपति को मृत घोषित कर दिया, जबकि बहू की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के मुताबिक घटना की सूचना डायल 112 पर मिली थी।
मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तारी
वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने रातभर तलाशी अभियान चलाया और सोमवार को मुखबिर की सूचना पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने पुरानी रंजिश के चलते वारदात करने की बात कबूल की है।
खून से सनी रॉड बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल खून से सनी लोहे की रॉड बरामद कर ली है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र मेहरा के निर्देश पर कई टीमों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बरामद हथियार को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पहले भी दर्ज थी शिकायत
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले भी मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत दर्ज हुई थी। करीब पांच-छह महीने पहले भी परिवार ने थाने में शिकायत दी थी, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। घटना से एक दिन पहले भी आरोपी के व्यवहार को लेकर शिकायत की गई थी।
पूर्व में भी दर्ज है मुकदमा
जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले हत्या के प्रयास से जुड़ा एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस इस बिंदु को भी जांच का हिस्सा बना रही है कि आरोपी ने पहले भी हिंसक रवैया क्यों अपनाया। मामले की विवेचना बैजनाथ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक कर रहे हैं।
गांव में दहशत, पुलिस की नजर
वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार की शिकायतों के बाद भी समझौते के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और नतीजा सामने है। पुलिस ने गांव में अतिरिक्त चौकसी बढ़ा दी है और लोगों से किसी भी तरह के विवाद की सूचना तुरंत देने की अपील की है।